Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में नशा तस्करी के बढ़ते नेटवर्क पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। लगातार मिल रही गुप्त सूचनाओं और शिकायतों के आधार पर थाना प्रभारी पवन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने संभावित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल चार तस्करों को रंगे हाथ धर दबोचा।
पुलिस ने इनके पास से कुल 81 पुड़िया ब्राउन शुगर, 2,550 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए। पकड़े गए आरोपितों में गौरव कुमार उर्फ अमर (26), निवासी शेषनगर छोटा गोविंदपुर, मोहम्मद इमरान (21), निवासी कैरेज कॉलोनी, मुस्लिम बस्ती, बर्मामाइंस, जंबुवन महतो (24) और ललन मांझी (28), दोनों निवासी तमुलिया, कपाली (सरायकेला-खरसावां) शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपितों ने ब्राउन शुगर की सप्लाई चेन, स्रोत और नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से गोविंदपुर और आसपास के इलाकों में सक्रिय था, जो छोटे पुड़िया के रूप में युवाओं को ब्राउन शुगर सप्लाई करता था।
थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि हाल के दिनों में क्षेत्र में नशे का प्रसार बढ़ने को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है। युवाओं को नशे की चपेट से बचाने और अवैध कारोबार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

