Palamu News: जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा स्थित छेचानी टोला में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली लूट की वारदात सामने आई। फायर ब्रिगेडकर्मी अनिल तिवारी के घर पर तीन हथियारबंद लुटेरों ने धावा बोलकर उनकी पत्नी पूनम तिवारी और बच्चे को बंधक बना लिया। लुटेरों ने पिस्टल के बल पर महिला के पहने हुए सोने के सभी जेवरात लूट लिए।
घटना मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है, जब पूनम तिवारी अपने एक बच्चे के साथ घर में मौजूद थीं। अचानक तीन युवक दरवाजा धक्का देकर अंदर घुस आए और महिला को भ्रमित करते हुए कहा कि एक चोर इस घर में घुस आया है। बातों-बातों में उन्होंने महिला को काबू में किया और उसके छोटे बच्चे को पकड़कर बोरे में भर दिया।
अपराधियों ने पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी और महिला के शरीर से सभी गहने उतरवा लिए। लूटेरों ने उसके गले से 16 ग्राम की सोने की चेन, 4 ग्राम की कानबाली, 4 ग्राम का मंगलसूत्र और बच्चे के गले में पहना गया सोने का लॉकेट लूट लिया। घटना के बाद महिला भय के कारण कुछ देर तक घर से बाहर नहीं निकल सकी और सदमे में रही।
बाद में साहस जुटाकर उसने अपने पति और पुलिस को घटना की जानकारी दी। बुधवार को शहर थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चैनपुर थाना क्षेत्र से कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योति लाल रजवार ने बताया कि घटना में शामिल लुटेरों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अपराधियों को पहले से जानकारी थी कि महिला घर में बच्चे के साथ अकेली रहती है। पुलिस घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुरागों पर काम कर रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई है।

