Bihar News : भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग (एनएच-22) पर मदरिया पावर हाउस के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार नवविवाहित दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में 20 वर्षीय रोशनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति जुल्फिकार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, रोशनी मुंगेर जिले के मिर्जापुर बरदह की रहने वाली थीं। वह अपने पति जुल्फिकार के साथ बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र स्थित चुटिया बेलारी गांव से बाइक पर सवार होकर मुंगेर लौट रही थीं। इसी दौरान मदरिया पावर हाउस के पास तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशनी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि जुल्फिकार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
परिजनों ने बताया कि रोशनी और जुल्फिकार की शादी 2 जुलाई को हुई थी। दोनों ने महज 17 दिन पहले ही वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की थी। शादी की खुशियां अभी परिवार में बनी हुई थीं, लेकिन एक सड़क हादसे ने पलभर में सब कुछ बदल दिया। घर में गूंजने वाली खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घायल जुल्फिकार ने बताया कि दोनों अपने भविष्य को लेकर कई सपने संजोए हुए थे। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि सफर के दौरान ऐसा दर्दनाक हादसा हो जाएगा। उनकी पत्नी की मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
गौरतलब है कि सुल्तानगंज क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक महीने के दौरान सड़क हादसों में करीब 10 लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद तेज गति से वाहनों के संचालन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो सका है। लोगों ने प्रशासन से एनएच-22 पर सख्त यातायात निगरानी, ओवरस्पीडिंग पर कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों पर रोक लगाई जा सके।


