Ranchi News:- झारखंड की महत्वपूर्ण 108 एंबुलेंस सेवा एक बार फिर से सक्रिय हो गई है। चालक और ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) कर्मियों की दो दिवसीय हड़ताल बुधवार को समाप्त हो गई। यह समाधान स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की पहल से संभव हो सका।
प्रोजेक्ट भवन में आयोजित वार्ता में कर्मचारियों और विभाग के अधिकारियों के बीच सकारात्मक बातचीत हुई, जिससे मामला सुलझा। इस दौरान कर्मचारियों की चार अहम मांगों पर सहमति बनी। इनमें कुशल श्रमिक के अनुरूप मानदेय देना, अगस्त महीने से ईपीएफ (भविष्य निधि) सुविधा लागू करना, ओवरटाइम का भुगतान करना और पूर्व में हटाए गए कर्मियों की सेवा में बहाली शामिल है।
बैठक में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कर्मचारियों के अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित किया जाए और सभी सेवाएं शीघ्र बहाल की जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने को तैयार है। साथ ही, उन्होंने अनुशासन और सेवा भावना बनाए रखने की अपील की।
संघ के प्रतिनिधियों ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी कर्मचारी गुरुवार से अपने-अपने कर्तव्यों पर वापस लौटेंगे। इससे न केवल राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को गति मिलेगी, बल्कि आम जनता को भी बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें पिछले दो दिनों से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
राज्यभर में एक बार फिर 108 एंबुलेंस की गूंज सुनाई देगी और मरीजों तक समय पर स्वास्थ्य सुविधा पहुंच सकेगी।

