Araria News:- भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 52वीं वाहिनी के डुमरिया स्थित बाह्य सीमा चौकी के जवानों ने गुरुवार की मध्य रात्रि एक बड़ी तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई विशेष गश्ती के दौरान जवानों ने नेपाल से अवैध रूप से लाए जा रहे भारी मात्रा में चाइनीज सेब को जब्त किया है।
इस कार्रवाई में एसएसबी ने एक तस्कर को मौके से हिरासत में लिया है, जिससे गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जब्त किए गए सेब को चोरी-छिपे भारतीय क्षेत्र में लाकर किसी गोदाम में एकत्र किया जा रहा था, जहां से आगे इसकी सप्लाई की योजना थी।
एसएसबी के अनुसार, यह पूरा तस्करी रैकेट नेपाल सीमा से सटे इलाकों में सक्रिय है और गुप्त सूचना के आधार पर ही इस विशेष अभियान को अंजाम दिया गया। 52वीं वाहिनी के कमांडेंट महेन्द्र प्रताप ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सीमा पर तस्करी की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस दिशा में एसएसबी की निगरानी लगातार जारी है।
सेब की जब्ती के बाद इसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए कस्टम विभाग को सौंपा जाएगा। वहीं, पकड़े गए तस्कर से यह जानने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी पर लगाम लगाने के एसएसबी के प्रयासों की एक अहम कड़ी मानी जा रही है।

