Araria News:- सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने मंगलवार देर शाम भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी कर लाए गए 364 किलो गांजा को जब्त किया। यह कार्रवाई एसएसबी 56वीं वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी एच समवाय कुशमाहा की विशेष गश्ती टीम ने की।
सूत्रों के अनुसार, एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर भारत लाया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर विशेष नाका टीम ने कुकरहवा गांव के पास निगरानी तेज कर दी। भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 174 के समीप, भारतीय सीमा के भीतर करीब दो किलोमीटर अंदर, जवानों ने गांजा से भरे पैकेटों को जब्त किया।
बरामदगी के बाद एसएसबी ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की और जब्त 364 किलो गांजा को सोनामणि गोदाम थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बुधवार की सुबह एसएसबी 56वीं बटालियन की ओर से प्रेस रिलीज जारी कर इस जब्ती की जानकारी आधिकारिक रूप से दी गई।
एसएसबी अधिकारियों का कहना है कि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर गांजा को नेपाल से भारत की ओर ला रहे थे। जवानों की तत्परता से तस्करी की यह बड़ी खेप पकड़ में आ गई। हालांकि मौके से तस्कर फरार हो गए। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि भारत-नेपाल सीमा पर अक्सर शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी की कोशिश होती रहती है। एसएसबी लगातार सीमा पर निगरानी बढ़ाकर ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने में जुटी हुई है। हाल के महीनों में अररिया जिले में यह सबसे बड़ी गांजा बरामदगी मानी जा रही है।
एसएसबी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सीमा पर अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि तस्करी जैसी गतिविधियों की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें ताकि अपराधियों पर नकेल कसी जा सके।

