Araria News:- नेपाल से शराब की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में एसएसबी 56वीं वाहिनी की टीम ने 116.7 लीटर नेपाली शराब बरामद की है और एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बाह्य सीमा चौकी डी समवाय कुशमाहा की गश्ती टीम ने भारत-नेपाल सीमा के पास पीपरा घाट क्षेत्र में की।
एसएसबी ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 176/1 के पास की गई, जो भारत की ओर लगभग 3.5 किलोमीटर अंदर स्थित है। तस्कर तीन बोरियों में शराब भरकर मोटरसाइकिल से भारत में प्रवेश कर रहा था। गुप्त सूचना पर एसएसबी की टीम ने उसे धर दबोचा।
पकड़े गए तस्कर के पास से तीन बोरियों में कुल 389 बोतल नेपाली शराब, जिसकी मात्रा 116.7 लीटर थी, जब्त की गई है। साथ ही, शराब ढोने में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया गया है।
एसएसबी 56वीं वाहिनी के कमांडेंट सुरेन्द्र विक्रम ने बताया कि पूछताछ के बाद तस्कर, जब्त शराब और वाहन को अररिया आबकारी विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। आबकारी विभाग अब आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रहा है।
बता दें कि नेपाल से लगती अररिया सीमा पर अक्सर शराब की तस्करी की कोशिशें की जाती हैं। लेकिन एसएसबी की सतर्कता के चलते बार-बार इन पर लगाम लगाई जा रही है।
एसएसबी ने यह भी स्पष्ट किया है कि सीमा पार से होने वाली हर अवैध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी।

