Rohtas News:- रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत इटिम्हा बाजार में बुधवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से एक महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डेहरी–बिक्रमगंज मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे करीब पांच घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
मृतकों की पहचान काराकाट थाना क्षेत्र के कांद बहुआरा गांव निवासी 50 वर्षीय किसान संतोष कुमार उर्फ मल्लू और काराकाट थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव निवासी स्व. वीरेंद्र चौधरी की पत्नी 47 वर्षीय आशा देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिक्रमगंज की ओर से आ रही उजले रंग की स्कॉर्पियो (नंबर जेएच12ई-7580) ने पहले सड़क किनारे पैदल जा रही आशा देवी को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद वाहन ने साइकिल से बाजार जा रहे संतोष कुमार को रौंद दिया और कुछ दूर जाकर पुआल लदे एक ट्रैक्टर में पीछे से टकरा गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।
घटना के बाद स्कॉर्पियो पर सवार चालक समेत तीन लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में तोड़फोड़ की और दोनों शवों को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना पर नासरीगंज थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, काराकाट थानाध्यक्ष विवेक कुमार, बीडीओ मो. नौशाद आलम सिद्दीकी, सीओ अंचला कुमारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका आरोप था कि सड़क पर बालू बिखेरने, भारी वाहनों की अवैध पार्किंग और नो-एंट्री नियमों के उल्लंघन के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, बावजूद इसके प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
बाद में मौके पर एसडीएम प्रभात कुमार और काराकाट बीडीओ राहुल कुमार के पहुंचने और सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया गया। एसडीएम ने कहा कि सड़क किनारे वाहन खड़े करने और बालू बिखेरने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक व वाहन मालिक की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

