East Champaran News:- जिले के सुगौली प्रखंड के पंजिअरवा पंचायत के मुखिया राजकुमार पासवान उर्फ अशोक पासवान का आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में नर्तकियों संग अश्लील डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी का आदेश दिया है। साथ ही आर्केस्ट्रा संचालकों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
यह वीडियो श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है, जहां मुखिया अशोक पासवान नर्तकियों के साथ फूहड़ गीतों पर अश्लील डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि “जनप्रतिनिधि ही जब मर्यादा तोड़ेगा तो आम जनता से क्या उम्मीद की जा सकती है।”
ग्रामीणों के अनुसार मुखिया का यह पहला मामला नहीं है। कुछ महीने पहले भी उनके अश्लील डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस समय भी लोगों ने नाराजगी जताई थी, लेकिन इस बार मामला सीधे पुलिस-प्रशासन की नजर में आ गया है।
एसपी स्वर्ण प्रभात के आदेश के बाद माना जा रहा है कि मुखिया की गिरफ्तारी तय है और उनकी रंगीन मिजाजी पर अब ब्रेक लगना लगभग निश्चित है।
