Patna News:- देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बिहार सरकार ने एक सराहनीय कदम उठाया है। ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए बीएसएफ सब-इंस्पेक्टर स्व. मो. इम्तियाज के पुत्र मो. इमदाद रज़ा को अनुकंपा के आधार पर सरकारी सेवा में नियुक्त किया गया है।
बुधवार को सारण के जिलाधिकारी अमन समीर ने मो. इमदाद रज़ा को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा। उनकी शैक्षणिक योग्यता स्नातक होने के आधार पर उन्हें निम्नवर्गीय लिपिक के पद पर नियुक्त किया गया है।
इस नियुक्ति की प्रक्रिया 20 नवंबर को आयोजित जिला अनुकंपा चयन समिति की बैठक में पूरी की गई थी। डीएम अमन समीर की अध्यक्षता वाली इस बैठक में मो. रज़ा के आवेदन की समीक्षा कर नियुक्ति की अनुशंसा की गई थी।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अनुकंपा आधारित जिला स्तरीय नियुक्ति के सभी मामलों को एक माह के भीतर प्रक्रिया पूरी कर दी जानी चाहिए। इसी दिशा में कार्य करते हुए शहीद के पुत्र को नियुक्ति देकर उनके परिवार को राहत पहुंचाई गई है।
यह कदम न केवल शहीद के प्रति श्रद्धांजलि है, बल्कि उन परिवारों के लिए भी आशा की किरण है जो देश सेवा में अपनों को खो देते हैं।

