Saraikela News:- झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक निजी सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत इंजीनियर का शव रहस्यमय परिस्थितियों में उनके घर से बरामद किया गया। घटना के बाद मृतक की पत्नी लापता है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 48 वर्षीय राउंड्री स्टीवेन्सन के रूप में हुई है। वह कुछ महीने पहले ही रैना बसेरा सोसाइटी, माझी टोला स्थित डुप्लेक्स नंबर-41 में किराए पर रहने आए थे। स्टीवेन्सन अपनी पत्नी और लगभग आठ से दस पालतू कुत्तों के साथ वहीं रह रहे थे।
शनिवार देर रात घटना की जानकारी मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घर के अंदर मौजूद आक्रामक कुत्तों के कारण शव तक पहुंचना संभव नहीं हो पाया। बाद में नगर निगम की डॉग रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। लगभग एक घंटे के प्रयास के बाद सभी कुत्तों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और शव को बरामद किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक की पत्नी तीन-चार दिन पहले घर से कहीं गई थी और अब तक वापस नहीं लौटी है। माना जा रहा है कि इसी बात को लेकर मृतक मानसिक तनाव में था। हालांकि, पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावनाओं दोनों पर जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आदित्यपुर थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मृतक की पत्नी की सक्रिय तलाश कर रही है और यह जांच रही है कि कहीं इस घटना के पीछे पारिवारिक विवाद या कोई अन्य कारण तो नहीं है।
घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सोसाइटी के अन्य निवासी मृतक को ज्यादा नहीं जानते थे, क्योंकि वह हाल ही में वहां शिफ्ट हुए थे। पुलिस ने फिलहाल पूरे घर को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।

