Devgarh News:- सावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम की नगरी देवघर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। मंगलवार सुबह 4:22 बजे जैसे ही मंदिर के पट खुले, वैसे ही जलाभिषेक का क्रम शुरू हो गया। अब तक 18 लाख से अधिक शिवभक्त बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण कर चुके हैं। देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी भक्तगण ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ कतारबद्ध होकर बाबा पर जल चढ़ा रहे हैं। मंदिर पहुंचने के लिए रूटलाइन पर भी भक्तों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। भीड़भाड़ और उमस से राहत देने के लिए रूटलाइन पर ठंडे पानी की फुहारों का छिड़काव किया जा रहा है ताकि किसी को परेशानी न हो और वे आराम से जलाभिषेक कर सकें।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, 10 जुलाई से अब तक 18,05,891 श्रद्धालु बाबा को जल चढ़ा चुके हैं। मेले की सुरक्षा के लिए 9650 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 564 मजिस्ट्रेट, CRPF की 4 कंपनियां, NDRF की टीम, 2 पुलिस अधीक्षक और QRT टीम लगातार निगरानी में जुटी हैं।
तकनीकी निगरानी के लिए 765 CCTV कैमरे, 200 AI कैमरे और 10 ड्रोन कैमरे लगाए गए हैं। एसपी अजीत पीटर डुंगडुग ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को हर पल मॉनिटर किया जा रहा है। बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, ATS सहित अन्य बलों को भी तैनात किया गया है।
इस बार सावन में बाबा नगरी पूरी तरह भक्तिमय और सुरक्षित वातावरण में जलाभिषेक की साक्षी बन रही है।

