East Champaran News:- जिले के हरैया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रविवार को छापेमारी कर भारी मात्रा में मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया। पकड़े गए तस्कर की पहचान भलुवाहा गांव निवासी सोनेलाल यादव के पुत्र पप्पू कुमार के रूप में की गई है।
थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि भलुवाहा गांव में एक व्यक्ति अपने घर में गांजा की बड़ी खेप छिपाकर रखा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया और छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पप्पू कुमार के घर से 42.166 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
नेपाल से लाता था खेप
पूछताछ में तस्कर ने खुलासा किया कि वह लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय था। वह नेपाल से गांजा मंगवाकर स्थानीय स्तर पर भंडारण करता था और फिर नेटवर्क के माध्यम से अन्य क्षेत्रों में सप्लाई करता था। पुलिस को आशंका है कि इसके तार बड़े तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क का पर्दाफाश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बरामदगी से यह साफ हो गया है कि सीमावर्ती इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी के लिए सक्रिय गिरोह लगातार सक्रिय हैं। नेपाल की सीमा से सटे इलाकों में गांजा की खेप की आपूर्ति आम बात हो गई है। स्थानीय स्तर पर तस्कर इन्हें छिपाकर रखते हैं और मांग के अनुसार विभिन्न जिलों और राज्यों में सप्लाई करते हैं।
हरैया थाना पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि अब आगे की कार्रवाई के तहत आरोपी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

