सोशल मीडिया पर स्टाइल दिखाने वाले बाइकर्स निकले अपराधी
Jamshedpur News:- जिले के सिदगोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से आतंक मचाने वाले एक बाइकर्स गैंग का पर्दाफाश हो गया है। सिदगोड़ा थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां के नेतृत्व में गुरुवार रात चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने इस गैंग के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें से चार युवकों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन, एक कार और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी ‘स्मार्टी नाइटराइडर’ नाम का एक ग्रुप चलाते थे। ये युवक देर रात बाइक पर तेज रफ्तार में घूमते, हंगामा करते और कई जगहों पर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे।
इनकी खतरनाक हरकतों से आम लोगों की जान पर भी खतरा बना रहता था। हैरानी की बात यह है कि ये अपनी हरकतों के वीडियो और तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते थे, जिससे ये सुर्खियों में बने रहते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में राजा सिंह उर्फ मुर्गी जल्लाद, साहिल सिंह सरदार उर्फ रैफर, पीयूष डे, सौरभ कुमार उर्फ लादेन, महेश सिंह भूमिज, शुभम कालिंदी, सागर नाग, अतीश कुमार नाग, मुकेश गोराई और देवा बेहरा शामिल हैं। राजा सिंह पर सिदगोड़ा और सीतारामडेरा थानों में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुभम, सागर और सौरभ पर भी एक-एक केस दर्ज हैं।
पुलिस अब इनके सोशल मीडिया अकाउंट की गहराई से जांच कर रही है ताकि इनसे जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर की शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

