Araria News:- अररिया जिले में बंद घरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक अंतरजिला गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि इस गिरोह में तीन महिलाएं शामिल हैं। ये लोग चार पहिया वाहन से घूमकर पहले बंद घरों की रेकी करते और फिर अहले सुबह चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
अररिया नगर थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह प्रातः गश्ती के दौरान शिवपुरी वार्ड संख्या 9 में संदिग्ध स्थिति में खड़ी एक मारुति ऑल्टो (BR10 Z/5178) को देखा। कार में दो पुरुष और दो महिलाएं सवार थीं। पूछताछ के दौरान इन लोगों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर चारों ने अपनी पहचान बताई। इस दौरान दो अन्य संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे, जिनमें से एक महिला और एक पुरुष को पकड़ लिया गया।
वाहन की तलाशी में पुलिस को दो चाकू, ताला तोड़ने के दो औजार, सलाई रिंच, पेचकस, पिलास और चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने खुलासा किया कि ये गिरोह चोरी करने के लिए अलग-अलग जिलों में सक्रिय था। महिलाएं पहले बंद घरों की रेकी करती थीं ताकि किसी को शक न हो, फिर पुरुष सदस्य चोरी को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
मधेपुरा जिला के भिरखी वार्ड संख्या 24 निवासी मो. राज (25), जसीमा (30), नजमा (38)
मधेपुरा के कुमारखंड थाना क्षेत्र के रहटा निवासी बुधो कुमार यादव (27)
मुजफ्फरपुर जिला के मीनापुर थाना क्षेत्र निवासी राजा चौधरी (28)
अररिया जिला के फारबिसगंज थाना क्षेत्र निवासी बसंती देवी (35)
एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि गिरोह ने जिले के विभिन्न इलाकों में चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। फिलहाल इन पर कांड संख्या 347/25 दिनांक 26.08.2025 धारा 111(1),313 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
