Patna News:- बिहार के सीतामढ़ी जिले में शुक्रवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश शांतनु गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बेलसंड थाना क्षेत्र के चंदौली बस स्टैंड के समीप की है। घायल बदमाश को बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बिहार एसटीएफ और सीतामढ़ी जिला पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात बदमाश शांतनु चंदौली बस स्टैंड के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर शुक्रवार देर रात पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की। बदमाश को गिरफ्तार करने का प्रयास करते ही अपराधियों की ओर से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी गई।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें कुख्यात बदमाश शांतनु कुमार को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घायल शांतनु को तत्काल नजदीकी एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को गंभीर बताते हुए उसे एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और तीन खोखे बरामद किए हैं। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि कुख्यात शांतनु पर बेलसंड थाना क्षेत्र में पुजारी की हत्या कर मंदिर से मूर्ति चोरी करने, रवि सिंह हत्याकांड सहित हत्या, डकैती और आर्म्स एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

