Dhanbad News:- पुलिस की सतर्कता से सोमवार देर रात शहर में एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई। सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी प्रिंस खान का शूटर धनबाद में किसी व्यापारी पर फायरिंग करने की योजना बना रहा है।
सूचना के आधार पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) नौशाद आलम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दामोदरपुर इलाके में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। रात करीब 9 बजे पुलिस ने रबीउल इस्लाम उर्फ मोटा (राजाबांध, सरायकेला-खरसावां निवासी) को बाइक समेत दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और 38 बोर की छह गोलियां बरामद की गईं।
शूटर ने किया बड़ा खुलासा
पूछताछ में रबीउल ने कबूल किया कि वह प्रिंस खान और गोपी खान के लिए काम करता है। उसने बताया कि ऋतिक खान ने उसे पिस्टल और मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई थी, ताकि वह धनबाद के एक व्यापारी की हत्या कर सके।
डीएसपी आलम ने बताया कि आरोपी ने अक्टूबर 2024 में हुए शहाबुद्दीन सिद्धीकी हत्याकांड में भी मोटरसाइकिल चालक की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा वह चक्रधरपुर और ओडिशा के बड़वील इलाके में हुई हत्या और रंगदारी मामलों में भी वांछित है।
पुलिस की बड़ी कामयाबी
धनबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी वारदात होने से पहले ही आरोपित को दबोच लिया गया। इस मामले में प्रिंस खान, गोपी खान, ऋतिक खान और रबीउल इस्लाम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अभियान में पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) पुलिस का सहयोग भी अहम रहा।

