Saharsa News:- जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने बिहार में सनातन राजनीति का शंखनाद कर दिया है। बुधवार को सहरसा पहुंचने पर उन्होंने “गौ मतदाता संकल्प यात्रा” निकालते हुए घोषणा की कि वे आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी सीटों से निर्दल गोभक्त उम्मीदवार मैदान में उतारेंगे।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज जी ने कहा कि “सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है जब गौ माता की रक्षा हो।” उन्होंने बताया कि गौ माता केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, परंपरा और अर्थव्यवस्था का आधार भी हैं। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में केवल उन्हीं उम्मीदवारों को वोट दें जो गौ रक्षा के लिए स्पष्ट और दृढ़ संकल्पित हों।
शंकराचार्य जी ने बताया कि उन्होंने दिल्ली स्थित प्रमुख राष्ट्रीय दलों के कार्यालयों में जाकर गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग रखी थी, परंतु अब तक किसी भी राजनीतिक दल ने इस विषय पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया। उन्होंने कहा, “जब सभी राजनीतिक दल इस विषय पर मौन हैं, तो अब हमें स्वयं आगे बढ़कर गौ माता की रक्षा और सनातन मूल्यों की पुनर्स्थापना के लिए राजनीति में उतरना होगा।”
उन्होंने घोषणा की कि बिहार की सभी विधानसभा सीटों पर उनके द्वारा समर्थित निर्दल गोभक्त उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। नामांकन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद औपचारिक रूप से उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण व्याप्त था। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गौ भक्त उपस्थित रहे और शंकराचार्य जी के संदेश को श्रद्धा और उत्साह के साथ आत्मसात किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल चुनावी नहीं, बल्कि गौ संरक्षण और सनातन धर्म के पुनर्जागरण का अभियान है।

