Jamshedpur News: जिले से एक बेहद गर्व की खबर सामने आई है। शहर की मेधावी छात्रा शांभवी तिवारी ने Council for the Indian School Certificate Examinations (CISCE) द्वारा आयोजित 12वीं (ISC) बोर्ड परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए बल्कि पूरे झारखंड राज्य के लिए गर्व का विषय बन गई है।
शांभवी Sacred Heart Convent School की छात्रा हैं और उनकी इस ऐतिहासिक सफलता ने शहर के शैक्षणिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, उनके घर और स्कूल में खुशी का माहौल छा गया। परिजनों, शिक्षकों और दोस्तों ने मिठाइयां बांटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया। स्कूल प्रबंधन ने भी इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि शांभवी आने वाले छात्रों के लिए प्रेरणा बनेंगी।
शांभवी का सपना शुरू से ही डॉक्टर बनने का रहा है
शांभवी का सपना शुरू से ही डॉक्टर बनने का रहा है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए वे आगामी 3 मई को होने वाली NEET परीक्षा में शामिल होंगी। उनका परीक्षा केंद्र अब्दुल बारी कॉलेज निर्धारित किया गया है। खास बात यह है कि उन्होंने बोर्ड परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ NEET की भी गंभीर तैयारी की और नियमित मॉक टेस्ट देकर खुद को बेहतर बनाया।
उनकी सफलता के पीछे उनके परिवार का अहम योगदान रहा है। उनके पिता राकेश रमन ऑल इंडिया रेडियो में प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव हैं, जबकि उनकी मां निभा सिन्हा एक स्कूल में केमिस्ट्री की शिक्षिका हैं। घर में शुरू से ही पढ़ाई का सकारात्मक माहौल रहा, जिसने शांभवी को अनुशासन और मेहनत के लिए प्रेरित किया।
राकेश रमन के अनुसार, शांभवी बचपन से ही आत्मनिर्भर और अनुशासित रही हैं। उन्होंने कभी उस पर पढ़ाई का दबाव नहीं डाला, बल्कि वह खुद ही अपनी पढ़ाई को लेकर गंभीर रहती थीं। शांभवी रोजाना करीब 9 घंटे पढ़ाई करती थीं और उन्होंने सेल्फ स्टडी को अपनी सफलता का मुख्य आधार बनाया। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी और अपना पूरा ध्यान अपने लक्ष्य पर केंद्रित रखा। अपनी इस बड़ी सफलता का श्रेय शांभवी ने अपने माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल के सहयोगी माहौल को दिया है। उनका मानना है कि सही मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


