Lacknow News:- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 40 लोग घायल हो गए। मृतकों में एक बच्चा और दो महिलाएं भी शामिल हैं।
हादसा बुलंदशहर के अरनिया क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे-34 पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, सभी श्रद्धालु कासगंज से राजस्थान के गोगाजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 50 श्रद्धालु सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर बचाव में जुट गए। पुलिस और जिला प्रशासन की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा।
प्रशासन ने बताया कि घायलों में से 10 की हालत गंभीर है, जिन्हें अलीगढ़ के हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं 10 घायलों को जिला अस्पताल और 23 घायलों को कैलाश अस्पताल खुर्जा में भर्ती कराया गया है। सभी का इलाज डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और जिला प्रशासन को तुरंत राहत-बचाव कार्य में जुटने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की और अधिकारियों को उनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
फिलहाल पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।


