Chatra News:-चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बगरा मोड़ के समीप शनिवार शाम पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी उत्तम यादव के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम लगभग 5:00 बजे दो लोग मोटरसाइकिल से गुजर रहे थे। इस दौरान सादे वर्दी में तैनात पुलिसकर्मी पहले से ही उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। संदेह गहराने पर जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो अपराधियों ने अचानक पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। बताया जा रहा है कि गोलीबारी के दौरान दुर्दांत अपराधी उत्तम यादव ढेर हो गया। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस इलाके की घेराबंदी कर फरार अपराधी की तलाश में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए, लेकिन पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
उल्लेखनीय है कि उत्तम यादव का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उस पर हत्या, रंगदारी, लूट और अवैध हथियार कारोबार से जुड़े कई मामले दर्ज थे। क्षेत्र में वह अपनी आपराधिक गतिविधियों और दबंग छवि के लिए कुख्यात माना जाता था। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। हालांकि, चतरा पुलिस के किसी भी अधिकारी ने अब तक इस मुठभेड़ की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और जल्द ही इसकी जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। लोग यह मान रहे हैं कि उत्तम यादव के मारे जाने से इलाके में अपराध पर कुछ हद तक लगाम लग सकती है।
₹50,000 के इनामी अपराधी था उत्तम यादव
हजारीबाग और चतरा जिले में आतंक का पर्याय उत्तम यादव शनिवार को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। बिहार में इस पर ₹50000 का इनाम था । मारा गया अपराधी चतरा जिले के अव्वल मोहल्ला का रहने वाला था। हाल के दिनों में इसने हजारीबाग के कई व्यवसायियों को धमकी दिया था और एक जेवर दुकान में गोली भी चलवाई थी। इस घटना के बाद से यह पुलिस के रडार पर था और अंततः शनिवार शाम सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा में हजारीबाग पुलिस के हाथों मारा गया। इसके विरुद्ध एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे।

