Dhanbad News:- धनबाद के वासेपुर आरा मोड़ स्थित मटकुरिया चेकपोस्ट क्षेत्र सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात से दहशत में आ गया। टोटो चालक सोनू यादव (22) का शव आंगनबाड़ी केंद्र के सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया। युवक की गला रेतकर हत्या की गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना पर बैंक मोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर कब्जे में लिया। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर छानबीन शुरू कर दी। इस दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। शव बरामद होने के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि मृतक सोनू यादव टोटो चालक था और रविवार रात से लापता था। सोमवार की सुबह लोगों ने आंगनबाड़ी केंद्र के पास बदबू आने पर सेप्टिक टैंक की ओर देखा। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। तलाशी के बाद सेप्टिक टैंक से युवक का शव बरामद किया गया। गला रेते जाने के कारण हत्या की आशंका पुख्ता हो गई है।
घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम ने मामले की गंभीरता देखते हुए जांच शुरू कर दी है। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए और मृतक के संपर्क में आने वाले लोगों से पूछताछ की जाए। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण और स्पष्ट हो सकेगा।
धनबाद के वासेपुर इलाके में हत्या की इस वारदात से दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

