Nawada News:- बिहार के नवादा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सिरदला थाना क्षेत्र के मुरार कुरहा गांव में बुधवार को बिजली के गिरे हुए तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास के लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गांव के कैलाश यादव (60) सुबह अपने खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में गिरे हुए एलटी लाइन के बिजली तार से उनका पैर छू गया, जिससे वे तेज करंट की चपेट में आकर वहीं गिर पड़े। यह दृश्य देखकर कुछ ही दूरी पर मौजूद उनके पुत्र प्रदीप कुमार (30) पिता को बचाने के लिए दौड़े और उन्हें छूने की कोशिश की। लेकिन जैसे ही उन्होंने पिता को पकड़ा, वे भी बिजली की चपेट में आ गए।
दोनों को तड़पता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह बिजली आपूर्ति बंद कराई और दोनों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरदला ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टर सुरेन्द्र कुमार मिश्रा ने जांच के बाद प्रदीप कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पिता कैलाश यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार तार गिरने की सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने विभाग से मुआवजे की मांग की है।

