Bihar News : सारण। जिले के एकमा-रसूलपुर मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा छपरा-सीवान राष्ट्रीय राजमार्ग-531 पर रसूलपुर महेंद्रनाथ स्टेशन मोड़ के समीप हुआ। मृतक की पहचान एकमा नगर पंचायत के हंसराजपुर गांव निवासी पप्पू मांझी के रूप में हुई है। उनकी पत्नी मुन्नी देवी गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार पप्पू मांझी अपनी पत्नी के साथ प्रसिद्ध महेंद्रनाथधाम में पूजा-अर्चना करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान छपरा की ओर से आ रहा एक बालू लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और रॉन्ग साइड में आकर बाइक सवार दंपती को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पप्पू मांझी का सिर ट्रक के नीचे आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मुन्नी देवी ट्रक के नीचे फंस गई थीं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के बाद ट्रक चालक भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है तथा चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस से नाराजगी भी जताई। इस पर थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि एनएच-531 पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही के कारण लोगों की जान जा रही है। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।


