Baxer News:- बक्सर जिले के आस्था से जुड़े प्राचीन नाथ मंदिर से चोरी किए गए बहुमूल्य चंदन के पेड़ों को पुलिस ने बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस ने गंगा नदी में विशेष छानबीन अभियान चलाया, जिसमें चोरी गए दोनों चंदन के पेड़ बरामद कर लिए गए। ये पेड़ नगर थाना क्षेत्र के यमुना घाट के समीप गंगा नदी के पानी में छिपाकर रखे गए थे।
बताया जाता है कि 22 दिसंबर की रात सदर अनुमंडलाधिकारी आवास से सटे नाथ मंदिर परिसर से अज्ञात चोरों ने दो कीमती चंदन के पेड़ काटकर चोरी कर लिए थे। इस घटना के सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय श्रद्धालुओं में भारी रोष व्याप्त था। नाथ मंदिर बक्सर शहर का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर से चंदन के पेड़ों की चोरी को लोगों ने आस्था पर सीधा हमला बताया था।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि चोरी किए गए चंदन के पेड़ों को गंगा नदी में छिपाकर रखा गया है, ताकि बाद में उन्हें सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला जा सके। सूचना की पुष्टि के बाद नगर थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गंगा नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया और दोनों चंदन के पेड़ों को पानी से बरामद कर लिया।
नगर थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में संलिप्त चोरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि चंदन की तस्करी और धार्मिक स्थलों से चोरी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी।

