Araia News:- फारबिसगंज के सिरसिया में आयोजित जनसभा में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाजपा प्रत्याशी विद्यासागर केशरी उर्फ मंचन केशरी के समर्थन में जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पूर्णिया एयरपोर्ट के निर्माण के बाद अब फारबिसगंज में भी एयरपोर्ट बनाया जाएगा, जिससे सीमांचल क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।
सम्राट चौधरी ने अपने भाषण के दौरान कांग्रेस और राजद पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस को आरक्षण विरोधी पार्टी बताया और कहा कि राहुल गांधी ही नहीं, बल्कि राजीव गांधी, इंदिरा गांधी और जवाहरलाल नेहरू तक ने आरक्षण का विरोध किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने खुद माना था कि दिल्ली से भेजे गए 100 रुपये में से सिर्फ 15 रुपये ही जनता तक पहुंचते हैं।
राजद पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने 15 साल राज किया, लेकिन उस दौरान चारा घोटाले से लेकर सड़कों में लगने वाले अलकतरा तक को हजम कर लिया। जबकि एनडीए सरकार में 94 हजार की तुलना में साढ़े 18 लाख सरकारी नौकरियां दी गईं। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली और पानी की स्थिति में व्यापक सुधार हुआ है और अब बिहार विकास की नई राह पर है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ने राज्य में विकास की रफ्तार बढ़ाई है। सिलीगुड़ी से गोरखपुर तक एक्सप्रेसवे, 8 हजार नए हाई स्कूल, साइकिल और पोशाक योजना इसका प्रमाण हैं। साथ ही सीतामढ़ी में मां जानकी का भव्य मंदिर भी अयोध्या की तर्ज पर बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हाल की बारिश से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के निर्देश डीएम को दिए गए हैं। साथ ही किसान सम्मान निधि में राज्य सरकार की 3 हजार की हिस्सेदारी जोड़कर अब किसानों को 9 हजार रुपये सालाना मिलेंगे।

