Patna News:- बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगा। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर भरोसा जताने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रति आभार व्यक्त किया।
सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि वे 16 अक्टूबर को मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन कार्यक्रम सुबह 11 बजे अनुमंडल कार्यालय, तारापुर में होगा। नामांकन के बाद वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा और राजग समर्थकों के शामिल होने की उम्मीद है।
तारापुर सीट से उम्मीदवार बनाए जाने पर चौधरी ने कहा,
“आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, गृहमंत्री अमित शाह जी और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने कहा कि तारापुर की जनता एक बार फिर राजग पर भरोसा जताएगी और भारी मतों से जीत दिलाकर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को और मजबूत करेगी।
सम्राट चौधरी ने दावा किया कि इस बार राजग 200 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर बिहार में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि जनता प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों से संतुष्ट है, इसलिए विपक्ष का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सम्राट चौधरी की तारापुर से उम्मीदवारी भाजपा के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। वे पार्टी के प्रभावशाली ओबीसी चेहरे के रूप में राज्य में भाजपा की पकड़ मजबूत करने की कोशिश में हैं।

