Samastipur News: जिले में मंगलवार देर रात हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर गांव के समीप बाइक सवार 8 से 10 अज्ञात अपराधियों ने कुख्यात प्रभात चौधरी और उसके साथी सन्नी कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक प्रभात चौधरी चकमेहसी थाना क्षेत्र के नीमा चकहैदर गांव का निवासी था, जबकि उसका साथी सन्नी कुमार बेलसंडी गांव का रहने वाला बताया गया है। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
मृतक प्रभात के पिता संजय चौधरी ने बताया कि मंगलवार की शाम करीब सात बजे उनके बेटे के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। फोन आने के बाद प्रभात अपने तीन सहयोगियों के साथ स्कॉर्पियो से बागमती नदी के किनारे नामापुर-दरियापुर क्षेत्र में मिलने के लिए गया था। परिजनों का आरोप है कि अपराधियों ने पहले से सुनियोजित साजिश के तहत उसे वहां बुलाया और घात लगाकर हमला कर दिया। अचानक हुई अंधाधुंध फायरिंग में प्रभात और सन्नी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभात के पिता ने आरोप लगाया कि यह पूरी तरह पूर्व नियोजित हत्या है और अपराधियों ने सोची-समझी रणनीति के तहत वारदात को अंजाम दिया। पुलिस से उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
चकमेहसी थाना प्रभारी जितेंद्र सहनी ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है तथा फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रभात चौधरी पर अवैध शराब तस्करी, आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे। सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि 26 अगस्त 2023 को समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय में गवाही के दौरान भी प्रभात पर जानलेवा हमला हुआ था। उस मामले के मास्टरमाइंड राजद नेता रामबाबू राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। प्रभात करीब एक वर्ष पहले ही जेल से बाहर आया था।
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि शराब के अवैध कारोबार में पैसों के लेनदेन, पुराने विवाद या इलाके में वर्चस्व कायम करने की रंजिश के कारण इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी संभावित बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


