Jamtara News:- जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय में पदस्थापित एक लिपिक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मी की पहचान सौरव कुमार के रूप में हुई है, जो बिल क्लियर करने के एवज में सीआरपी सुपरवाइजर से घूस की मांग कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाला प्रखंड में कार्यरत सीआरपी सुपरवाइजर रास बिहारी झा से उनके लंबित बिलों के भुगतान के लिए लिपिक सौरव कुमार द्वारा पहले 8 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में आपसी बातचीत में यह राशि 6 हजार रुपये पर तय हुई। रिश्वत की मांग से परेशान रास बिहारी झा ने पूरे मामले की लिखित शिकायत एसीबी से की।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी दुमका की टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार को जैसे ही आरोपी लिपिक ने 6 हजार रुपये घूस के रूप में स्वीकार किए, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और आरोपी को एसीबी टीम अपने साथ दुमका ले गई।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के कर्मी को घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं, एसीबी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

