Jamshedpur News: जिले के साकची बाजार से 26 मई को लापता हुई तीन वर्षीय बच्ची आफरीन को पुलिस ने 14 दिनों की लगातार तलाश और तकनीकी जांच के बाद पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक दंपति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बच्ची के सुरक्षित मिलने से उसके परिवार ने राहत की सांस ली है।
बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने बताया कि उलीडीह थाना क्षेत्र के हयात नगर (डिमना बस्ती) निवासी मो. इम्तियाज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ 26 मई को बकरीद की खरीदारी के लिए साकची बाजार पहुंचे थे। बाजार में भारी भीड़ के बीच उनकी तीन वर्षीय पुत्री आफरीन अचानक लापता हो गई। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया। टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में लगे लगभग 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान एक संदिग्ध दंपति बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उनकी पहचान कर कपाली स्थित किराए के मकान तक पहुंच बनाई, लेकिन वहां ताला बंद मिला।
इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र स्थित पुष्टि गांव में छापेमारी की। अभियान के दौरान पुलिस ने अब्दुल जसीम उर्फ लखन (42) और उसकी पत्नी अफसाना बेगम (30) को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से बच्ची आफरीन को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि उनकी शादी को करीब दस वर्ष हो चुके हैं, लेकिन उन्हें संतान नहीं हुई थी। बच्चा पाने की इच्छा के कारण उन्होंने साकची बाजार में अकेली दिखी आफरीन का अपहरण कर लिया था। दोनों उसे अपने गांव ले जाकर अपनी संतान की तरह पालने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने आरोपितों के पास से दो स्मार्टफोन भी जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।बच्ची के सकुशल मिलने के बाद पुलिस ने उसे उसके माता-पिता को सौंप दिया। बेटी के वापस मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। सिटी एसपी ने इस अभियान में शामिल पूरी पुलिस टीम को बधाई देते हुए इसे बड़ी सफलता बताया।


