Koderma News: सैनिक स्कूल तिलैया में आयोजित अखिल भारतीय सैनिक स्कूल राष्ट्रीय खेल ग्रुप डी-2026 का भव्य समापन समारोह बुधवार को हुआ। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल तिलैया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। प्रतियोगिता में ग्रुप डी के आठ सैनिक स्कूलों के करीब 300 कैडेटों ने विभिन्न खेल एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
पिछले कई दिनों से आयोजित इस प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, वाद-विवाद और क्विज सहित विभिन्न स्पर्धाएं कराई गईं। अलग-अलग स्कूलों से पहुंचे कैडेटों ने खेल मैदान में अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि भारतीय थल सेना के वरिष्ठ अधिकारी सह सैनिक स्कूल तिलैया के प्राचार्य कर्नल एस. मोहनराव आर. का प्रतिभागी दलों ने सैन्य अंदाज में सलामी देकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने विजेता कैडेटों और टीमों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।
कैडेटों को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में मिली सफलता अनुशासन, कड़ी मेहनत और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सहनशीलता और चरित्र निर्माण के साथ सामाजिक रचनात्मकता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ शिक्षक मनोरंजन पाठक सहित अतिथि, शिक्षक, अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के समग्र प्रदर्शन में सैनिक स्कूल तिलैया ने पहला स्थान हासिल कर ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। सैनिक स्कूल गोपालगंज दूसरे और सैनिक स्कूल पुरुलिया तीसरे स्थान पर रहा।
वॉलीबॉल बालक वर्ग में सैनिक स्कूल गोपालगंज प्रथम, सैनिक स्कूल तिलैया द्वितीय और सैनिक स्कूल नालंदा तृतीय रहा। इस स्पर्धा के सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी का पुरस्कार सैनिक स्कूल गोपालगंज के कैडेट हर्ष रंजन को मिला।
बास्केटबॉल बालक वर्ग में सैनिक स्कूल तिलैया ने पहला स्थान हासिल किया। सैनिक स्कूल गोपालगंज दूसरे और सुंदरीदेवी सरस्वती विद्या मंदिर बिहार तीसरे स्थान पर रहा। इस वर्ग के सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी कैडेट सत्यम सैनिक स्कूल तिलैया के रहे।
वहीं बास्केटबॉल वरिष्ठ बालिका वर्ग में सैनिक स्कूल नालंदा प्रथम, सैनिक स्कूल पुरुलिया द्वितीय और सैनिक स्कूल तिलैया तृतीय रहा। इस वर्ग की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी कैडेट अंशिका सैनिक स्कूल नालंदा की रहीं।


