Tuesday, 21 May 2024 || 00:58

Sahibganj:  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र से संकल्प यात्रा शुरू किया। बरहेट की संकल्प सभा में मरांडी ने सोरेन परिवार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जिस राज्य का मुख्यमंत्री ही फ्रॉड हो उससे राज्य के भलाई, भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की उम्मीद भला कैसे की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सोरेन परिवार ने नाम बदल बदल कर आदिवासियों की जमीन लूटी है। शिबू सोरेन को शिव सोरेन बना दिया। हेमंत सोरेन हेमंत कुमार सोरेन बन गए। दुर्गा सोरेन को दुर्गा प्रसाद सोरेन बना दिया और बसंत सोरेन बसंत कुमार सोरेन बन गए। ऐसे फ्रॉड से राज्य का विकास कैसे होगा।

मरांडी ने कहा कि आज खान खनिज की लीज संथाल परगना और झारखंड के लोगों को नहीं, बल्कि राज्य के मुखिया हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, उनके विधायक प्रतिनिधि और प्रेस सलाहकार के नाम आवंटित हो रहे हैं। भाजपा से भी बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। क्या, किसी ने आदिवासी की जमीन लूटी है?

मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार गरीबों का अनाज भी लूट रही है। केंद्र सरकार से भेजे जा रहे प्रति व्यक्ति पांच किलो चावल गरीबों के घर तक नहीं पहुंच रहे। संथाल परगना के हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए मरांडी ने कहा कि आज पूरा संथाल परगना बांग्लादेशी घुसपैठियों से भरा पड़ा है। राज्य सरकार की तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति का परिणाम है कि संथाल परगना के विभिन्न जिलों में घुसपैठियों को सुनियोजित तरीके से बसाया जा रहा है। उनके राशन कार्ड और आधार कार्ड बनवाए जा रहे हैं।  संकल्प यात्रा में विधायक अनंत ओझा, अमित मंडल, सांसद सुनील सोरेन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, जिला अध्यक्ष राम दरश यादव, पूर्व मंत्री लुइस मरांडी आदि उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version