East Champaran News:- पूर्वी चंपारण जिले में हुए सद्दाम अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। यह हत्या पैसे के लेन-देन के विवाद में की गई थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी सदर-1 दिलीप कुमार के नेतृत्व में बंजरिया और नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्यारों को धर दबोचा। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त चारपहिया वाहन और मृतक की अपाची बाइक बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रशीद अंसारी, रघुनाथपुर चमड़ा गोदाम के पास का निवासी है। उसने क्रिकेट सट्टेबाजी में लगाने के लिए सद्दाम से 10 लाख रुपये उधार लिए थे। पैसे लौटाने की नीयत न होने पर रशीद ने सद्दाम की हत्या की साजिश रची। इस वारदात में उसके सहयोगी मोहम्मद फहीम उर्फ रेहान (रघुनाथपुर पीपल चौक), राहुल कुमार (बलुआ टाल), मनीष कुमार (चिरैया) और अब्दुल नबी (बलुआ टाल) शामिल थे। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के बाद आरोपी राहुल अपने संबंधी अभिजीत दुबे (संग्रामपुर दुबे टोला) और बाबुल दुबे (नगर थाना गोपालपुर) के घर जाकर छिप गया था। पुलिस ने दोनों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
डीएसपी ने बताया कि मोहम्मद फहीम उर्फ रेहान का पुराना आपराधिक इतिहास है, जबकि अभिजीत दुबे और बाबुल दुबे के खिलाफ भी नगर थाना में पुराने मामले दर्ज हैं।
पुलिस का मानना है कि हत्या मुख्य रूप से पैसों के लेन-देन को लेकर की गई, हालांकि यह संभावना भी जांच में है कि कहीं यह घटना पुलिस मुखबिरी की शंका में तो नहीं हुई। सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
छापेमारी टीम में डीएसपी दिलीप कुमार, नगर थाना प्रभारी राजीव रंजन, बंजरिया थाना प्रभारी रमेश महतो सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

