Rohtas News:- जिले के नटवार थाना क्षेत्र के सरावं गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने पारिवारिक विवाद में अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना बुधवार की अहले सुबह की है। मृतक महिला की पहचान पूनम देवी के रूप में हुई है, जबकि घायल पति का नाम सुगंध कुमार सिंह बताया गया है। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं घायल पति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है मामला?
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी तनाव के चलते बुधवार सुबह सुगंध कुमार सिंह ने पहले पत्नी पूनम देवी को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज एसडीपीओ कुमार संजय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से अवैध दो नाली देसी बंदूक, तीन खोखा और कारतूस बरामद किया है।

