Rohtas News:- बिहार के रोहतास जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सासाराम नगर थाना क्षेत्र के पुरानी जीटी रोड पर बेदा नहर के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार एक डंफर ने विपरीत दिशा से आ रही एक ऑटो को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस दुर्घटना में इंद्रदेव सिंह के 17 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार, जो माली का कार्य करते थे, और मोरसराय निवासी किसान 45 वर्षीय भोला पासवान की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घायलों को तत्काल सदर अस्पताल, सासाराम में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर पुरानी जीटी रोड को जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। लोगों की मांग थी कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और डंफर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और स्थिति को शांत कराया।
यह हादसा फिर एक बार तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने के खतरों को उजागर करता है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने और यातायात की सख्त निगरानी की ज़रूरत है।

