Patna News: राजधानी के एक होटल में शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक हुई। पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, सांसद, विधायक और कार्यकारिणी के तमाम सदस्य मौजूद रहे। बैठक का मुख्य फोकस दो बिंदुओं पर रहा—बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना और पार्टी को बूथ स्तर तक मज़बूत करना।
तेजस्वी यादव ने बैठक में स्पष्ट कहा कि राजद सभी सहयोगी दलों के साथ मिलकर एनडीए के खिलाफ मजबूती से चुनावी मुकाबला करेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि हर बूथ पर कम से कम दो सक्रिय कार्यकर्ता सुनिश्चित किए जाएं ताकि जमीनी स्तर पर संगठन की पकड़ मजबूत हो।
लालू यादव ने भी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर जनता के बीच जाएं और उनकी समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाएं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, सामाजिक सुरक्षा और बिजली संकट जैसे मुद्दों पर जनता का साथ लेकर एनडीए को मात दी जा सकती है।
राज्यसभा सांसद प्रो. मनोज झा ने बैठक को चुनावी दिशा तय करने वाला कदम बताया और कहा कि भाजपा की नफरत भरी राजनीति को हराने के लिए कभी-कभी चुनाव न लड़ना भी समझदारी होती है। उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी के प्रस्ताव पर कहा कि यदि मकसद भाजपा को हराना है, तो सभी को राजनीतिक दृष्टि से सोचना होगा।
पूर्व सांसद मो. अली अशरफ फातमी ने दावा किया कि इस बार बिहार की जनता जाति, धर्म से ऊपर उठकर तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी। राजद का आत्मविश्वास इस बैठक में साफ झलक रहा।

