नवादा। गोविंदपुर थाना इलाके की दुष्कर्म पीड़िता किशोरी को अगवा किए जाने की घटना सामने आयी है। पीड़िता की मां ने रविवार को इसकी सूचना थाना अध्यक्ष को दी है। घटना 20 मई की बताई गई है। किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना 28 अप्रैल को हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अपहरण का आरोप पांचो आरोपितों पर लगा है।

एसएचओ गोविंदपुर श्याम कुमार पांडे ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि गांव के ही 5 लोगों पर अपहरण का आरोप लगा है। जांच की जा रही है। किशोरी की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है। जानकारी अनुसार बीते 28 अप्रैल को थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को अगवा कर उसके साथ दो युवकों ने दुष्कर्म किया था। लड़की रात्रि आठ बजे अपने घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर आयोजित रामलीला देखने जा रही थी, इसी दौरान गांव के ही दो युवकों दीवान राजवंशी व मुकेश राजवंशी ने मुंह पर दुपट्टा बांधकर उसे अगवा कर लिया था। सुनसान स्थान पर ले जाकर नशीला पदार्थ पिला दिया था। बेहोशी की हालत में बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया था।
घटना के बावत गोविंदपुर थाना में दोनों युवकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। 2 मई को दीवान राजवंशी को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उड़सा से और मुकेश राजवंशी को खरसान से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। कांड के दोनों आरोपितों के जेल में रहते अब पीड़िता का अपहरण कर लिया गया है। इस घटना के बाद से परिजनों में आक्रोश है। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस की मुश्किलें बढ़ गई है। पुलिस लगातार किशोरी की बरामदगी और आरोपितों की तलाश में जुटी है। नवादा जिले में अपराध में वृद्धि से आम जनता साथ में जीने को मजबूर हैं।