Ranchi News : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को सदन परिसर में उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने जोर-शोर से ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन हजारीबाग में मंगलवार को निकाले गए मंगला जुलूस के दौरान प्रशासन द्वारा डीजे जब्त किए जाने के विरोध में किया गया. भाजपा विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और इस कार्रवाई को धार्मिक परंपराओं में हस्तक्षेप करार दिया.
साइकिल से विधानसभा पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, शुरू हुई तीखी नोंकझोंक
विरोध प्रदर्शन के बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी अपने चिरपरिचित अंदाज में साइकिल चलाते हुए विधानसभा पहुंचे. इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा पर तीखा निशाना साधा. उनके बयान के बाद भाजपा विधायक नीरा यादव के साथ उनकी तीखी नोंकझोंक हो गई. दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक शब्दों के तीखे वार-पलटवार होते रहे, जिससे सदन परिसर का माहौल और ज्यादा गर्म हो गया.
भाजपा विधायकों ने सरकार पर साधा निशाना
हजारीबाग में मंगला जुलूस के दौरान डीजे जब्त किए जाने को लेकर भाजपा विधायक काफी आक्रोशित नजर आए. उन्होंने इसे प्रशासन की मनमानी बताते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. भाजपा विधायक नीरा यादव ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता इससे परेशान है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार से जवाब मांगा जाता है तो वह जवाब देने से बचती है, इसलिए विपक्ष को मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ता है.
युवाओं के मुद्दे पर भी उठे सवाल
भाजपा विधायक उज्ज्वल दास ने भी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है. उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की वजह से युवा परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है. दास ने कहा कि जब तक सरकार जनता की मांगों को पूरा नहीं करेगी, तब तक विपक्ष अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा.
Read More : Ranchi News : साइकिल से विधानसभा पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, बोले– ‘हेल्थ इज वेल्थ’
मंत्री इरफान अंसारी का पलटवार
विपक्ष के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इसे ‘नौटंकी’ करार दिया. उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और घरेलू गैस सिलेंडर समेत कई जरूरी चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं. इसके बावजूद केंद्र सरकार चुप बैठी है. अंसारी ने कहा कि भाजपा नेता हमेशा धर्म की आड़ में जनता की भावनाओं को भड़काने की कोशिश करते हैं, जबकि असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है.

