Koderma News:- गया-कोडरमा रेलखंड के गुरपा-गझंडी घाटी सेक्शन में यदुग्राम-बसकटवा हॉल्ट के बीच मंगलवार देर रात भारी बारिश के कारण एक पहाड़ का मलबा और चट्टान खिसक कर डाउन लाइन पर आ गिरा। इससे रेल यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन करीब चार घंटे तक ठप रहा, जबकि अप लाइन भी कुछ समय के लिए बाधित रही।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, रात करीब 10:40 बजे चट्टान खिसकने की जानकारी मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और राहत व मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। एहतियातन डाउन लाइन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों को तत्काल रोक दिया गया।
लगातार मलबा हटाने के कार्य के बाद बुधवार सुबह करीब 6:00 बजे डाउन लाइन से ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू किया गया। इस दौरान कुछ समय के लिए अप लाइन भी बंद रखी गई थी, जिसे शीघ्र ही चालू कर दिया गया।
रेल प्रशासन की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। हालाँकि इस कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

