East Champaran News:- पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी देवा गुप्ता के आवास पर मंगलवार को पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भाजपा नेता राजन कुमार हत्याकांड में नामजद आरोपी सुबोध यादव को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 29 जुलाई को हुए राजन हत्याकांड का आरोपी सुबोध यादव राजद प्रत्याशी देवा गुप्ता के आवास पर छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई और देर शाम मोतिहारी स्थित उनके आवास पर छापेमारी की गई, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई को मोतिहारी शहर के ज्ञान बाबू चौक पर भाजपा नेता राजन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। हत्या के बाद राजन कुमार के भाई ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें कई लोगों को नामजद किया गया था। जांच के दौरान छह संदिग्धों के नाम सामने आए थे, जिनमें चिरैया थाना क्षेत्र के महद्दीपुर गांव निवासी सुबोध यादव का नाम भी शामिल था।
सुबोध यादव के खिलाफ पहले से ही चिरैया थाना में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में उसकी संलिप्तता की पुष्टि के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी से मामले के कई अहम पहलुओं का खुलासा हो सकता है। वहीं, छापेमारी की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है और यह जांचने का प्रयास कर रही है कि वह राजद प्रत्याशी के आवास पर किस उद्देश्य से ठहरा हुआ था।

