Aurangabad/Gaya:- कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का दूसरा दिन सोमवार को औरंगाबाद जिले के कुटुंबा से शुरू हुआ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेता सुबह 8 बजे देव रोड, कुटुंबा से यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान लोगों से मुलाकात और जन-जागरुकता अभियान पर जोर दिया गया।
सुबह करीब 9:30 बजे यात्रा का काफिला देव सूर्य मंदिर पहुंचा, जहां राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की। इसके बाद यात्रा आगे बढ़ी और 11:30 बजे राहतगंज ब्लॉक रोड पर स्थानीय लोगों से संवाद हुआ।
यात्रा का रूट टेहलारा, पातालगंगा, देव बायपास रोड, पुराना थाना मोड़ होते हुए सूर्यमंदिर देव तक तय किया गया। यहां से यात्रा जीटी रोड (राष्ट्रीय राजमार्ग-2) होते हुए शिवगंज, वॉर बाजार तक पहुंची। इसके बाद गयाजी जिले में प्रवेश करते हुए डाबूर और गुरारू क्षेत्रों का भ्रमण हुआ। डाबूर में दोपहर का भोजन और थोड़े आराम के बाद यात्रा पुनः शुरू हुई।
शाम 4 बजे यात्रा गुरारू के बगदीहा मोड़ और अहियापुर मोड़ से आगे बढ़ी। इस दौरान काफिला दाउदनगर-गया रोड, पंचानपुर, केवाली और दिल्ली ओवरब्रिज से होते हुए शाम 6:30 बजे गया शहर के खलीस पार्क चौक पहुंचा। यहां राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने सार्वजनिक सभा को संबोधित किया, जिसमें विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध और वोटर अधिकारों को लेकर जन-जागरुकता पर जोर दिया गया।
रात विश्राम के लिए सभी नेता खलीस पार्क से बायपास रोड होते हुए रसलपुर क्रिकेट ग्राउंड पहुंचे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह यात्रा बिहार के गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों को उनके मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरुक करने का अभियान है।

