Patna News:- बिहार में मतदाता विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के बीच बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा दरभंगा से शुरू होकर मुजफ्फरपुर पहुंची। इस यात्रा में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन भी शामिल हुए। सुबह यात्रा की शुरुआत दरभंगा के गंगवारा महावीर स्थान से हुई और मुजफ्फरपुर जिले के गया घाट प्रखंड स्थित जारंग में दोपहर जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां राहुल गांधी ने मंच से भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए।
राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में वोट चोरी हुई और 2024 लोकसभा चुनाव भी चोरी किया गया। उन्होंने संविधान की प्रति दिखाते हुए कहा, “एक व्यक्ति, एक वोट का अधिकार हमारा हक है, लेकिन चुनाव आयोग संविधान पर हमला कर रहा है।” राहुल ने दावा किया कि बिहार में 65 लाख मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए, जिनमें दलित, पिछड़े, अतिपिछड़े और अल्पसंख्यक बड़ी संख्या में शामिल हैं।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने बिहार के लोकतांत्रिक इतिहास की सराहना करते हुए कहा कि जब भी लोकतंत्र पर खतरा आया है, बिहार ने ही बिगुल फूंका है। उन्होंने लालू प्रसाद यादव को याद करते हुए कहा कि भाजपा से डरे बिना उन्होंने लड़ाई लड़ी, और आज उसी राह पर तेजस्वी यादव संघर्ष कर रहे हैं।
स्टालिन ने कहा कि पिछले एक महीने से पूरा देश बिहार को देख रहा है। उन्होंने कहा, “लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने बिहार से लोकतंत्र और समाजवाद की आवाज बुलंद की थी, आज वही काम राहुल गांधी और तेजस्वी यादव कर रहे हैं।” उन्होंने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया कि उसे भाजपा ने रिमोट से चलने वाली कठपुतली बना दिया है।
यह जन संवाद कार्यक्रम बिहार की सियासत में बड़ा संदेश माना जा रहा है, खासकर तब जब विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और मतदाता सूची से नाम कटने को लेकर विपक्ष आक्रामक है।

