East Chamaparan News:- पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों के नेपाल की सीमा पार कर बिहार में घुसने की खुफिया सूचना ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। सूचना के बाद पूरे बिहार, खासकर सीमावर्ती जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस हर वाहन और व्यक्ति की सघन जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि तीनों आतंकवादी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। संदिग्धों की पहचान के लिए उनके स्केच जारी किए गए हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर कोई भी व्यक्ति संदिग्धों को पहचानता है या उनके बारे में जानकारी देता है, तो वह नजदीकी थाने या डायल 112 पर तुरंत सूचना दे। इसके साथ ही सीधे पुलिस अधीक्षक से 9031827100 और 9431822988 नंबर (कॉल/व्हाट्सएप) पर भी संपर्क किया जा सकता है।
मोतिहारी पुलिस ने तीनों आतंकियों की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा भी की है। पुलिस ने जगह-जगह चेक पोस्ट बनाए हैं और लगातार गश्त की जा रही है।
इस बीच, आतंकी गतिविधियों की आशंका को देखते हुए राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा की सुरक्षा को और बढ़ा दिया गया है। पुलिस का मानना है कि आतंकी किसी रैली या सार्वजनिक सभा को निशाना बना सकते हैं। इसी वजह से राहुल गांधी का प्रस्तावित रोड शो फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
गुरुवार को राहुल गांधी सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया से होते हुए पूर्वी चंपारण जिले में प्रवेश किए। वे फुलवरिया घाट, ढाका, चिरैया और लालबेगिया होते हुए मोतिहारी जिला मुख्यालय पहुंचने वाले हैं। उनके पूरे मार्ग पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस ने कहा है कि राज्य में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी चौकसी बरत रही हैं ताकि आतंकियों की किसी भी साजिश को नाकाम किया जा सके।
