Bettiah News: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन ने पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में अपनी ताकत का जबरदस्त प्रदर्शन किया। शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की मौजूदगी में “वोटर अधिकार यात्रा” निकाली गई। इस दौरान बेतिया शहर की सड़कों पर लाखों की भीड़ उमड़ पड़ी।
रोड शो हारिवाटिका चौक से शुरू होकर मुहर्रम चौक, इमली चौक होते हुए गोपालगंज की ओर बढ़ा। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव एक ही वाहन पर सवार होकर जनता का अभिवादन कर रहे थे। हालांकि राहुल गांधी ने पूरे रोड शो में मंच से एक शब्द तक नहीं बोला, लेकिन भीड़ का उत्साह देखकर महागठबंधन खेमे में जबरदस्त जोश नजर आया।
इस यात्रा में कांग्रेस, राजद और अन्य विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समर्थक भारी संख्या में शामिल हुए। भीड़ ने जगह-जगह “वोट चोर गद्दी छोड़ो”, “बिहार बदलेगा, गठबंधन आएगा” जैसे नारे लगाए। कई जगहों पर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ भी नारेबाजी हुई।
जनता के जोश और उत्साह को देखकर महागठबंधन नेताओं का दावा है कि आने वाले चुनाव में बिहार में सत्ता परिवर्तन तय है। भीड़ में शामिल लोग लगातार महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठा रहे थे और राज्य में नई सरकार बनाने की मांग कर रहे थे।
रोड शो के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। हजारों सुरक्षाकर्मी पूरे मार्ग पर तैनात थे ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
विशेषज्ञ मानते हैं कि राहुल गांधी का बेतिया रोड शो महागठबंधन की रणनीति का अहम हिस्सा है। सीमांचल और उत्तर बिहार को विपक्ष अपनी मजबूत पकड़ वाला इलाका मानता है और यहां से चुनावी संदेश देने की कोशिश की गई है।

