राबड़ी देवी बोलीं – तेजप्रताप के खिलाफ प्रचार नहीं करूंगी, तेजस्वी पर जताया भरोसा
Patna News: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। इसी बीच राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शनिवार को अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव और छोटे बेटे तेजस्वी यादव दोनों को लेकर बड़ा बयान दिया।
राबड़ी देवी ने पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मोकामा में जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या पर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “जब गरीबों का राज होता है तो लोग उसे जंगलराज कहते हैं, लेकिन जब सत्ता के संरक्षण में अपराध होता है, तो उसे क्या कहा जाए?”
इस मौके पर राबड़ी देवी ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव के बारे में भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि, “मन से वो मेरा बेटा ही है, लेकिन उसे पार्टी और घर दोनों से निकाला गया है। मैं अपने परिवार के खिलाफ जाकर प्रचार नहीं करूंगी, हालांकि दिल से चाहती हूं कि वह चुनाव जीते। वह अपने पैरों पर खड़ा है और बिहार में काम करने का उसे पूरा हक है।”
दोनों भाइयों तेजस्वी और तेजप्रताप यादव के बीच चल रहे मतभेद पर राबड़ी देवी ने कहा कि परिवार में छोटी-मोटी बातें होती रहती हैं। उन्होंने कहा, “भाई-बहन एक ही हैं, लेकिन जिनका घर नहीं होता, वही दूसरों के घर में लड़ाई लगाते हैं।” राबड़ी देवी ने अपने छोटे बेटे और राजद नेता तेजस्वी यादव पर भरोसा जताते हुए कहा कि, “जब वह किसी काम को करने की ठान लेता है, तो उसे पूरा करके दिखाता है। 17 महीने की सरकार में उसने यह साबित कर दिया है।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने बिहार की जनता से अपील की कि वे “पांच किलो राशन” के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी ने जो वादे जनता से किए थे, उन्हें निभाया है और अब उनका लक्ष्य है कि बिहार के हर घर में सरकारी नौकरी पहुंचे।

