Arariya News:- बिहार के अररिया में पुलिस की लापरवाही के चलते एसबीआई एटीएम को लूटने की कोशिश नाकाम जरूर हुई, लेकिन यह घटना कई सवाल खड़े कर गई। एसपी कार्यालय से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित बस स्टैंड रोड स्थित केनरा बैंक के सामने एसबीआई एटीएम को शुक्रवार तड़के करीब 3:15 बजे गैस कटर से काटने की कोशिश की गई। एसबीआई के मुख्य कंट्रोल रूम ने एटीएम सेंटर में गतिविधि को देखकर मकान मालिक मृगेंद्र मणि को फोन कर जानकारी दी। मणि ने तुरंत नगर थाने और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। लेकिन पुलिस के मौके पर देर से पहुंचने के कारण चोर घटनास्थल से अर्टिगा गाड़ी में फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक चोर चांदनी चौक बाजार होते हुए जीरो माइल से पूर्णिया फोरलेन की ओर भाग निकले।
मृगेंद्र मणि, जो एक वरिष्ठ पत्रकार भी हैं, ने बताया कि वे उस वक्त अपने पैतृक गांव कुर्साकांटा प्रखंड में थे। उन्होंने तत्काल सभी संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी, लेकिन कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता के कारण समय पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
उन्होंने सवाल उठाया कि सैकड़ों किलोमीटर दूर एसबीआई कंट्रोल रूम को यह फुटेज मिल गया लेकिन स्थानीय सीसीटीवी कमांड सेंटर को कुछ पता नहीं चला। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस त्वरित कार्रवाई करती तो चोरों को पकड़ा जा सकता था।
थानाध्यक्ष मनीष कुमार और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चोर गैस कटर से मशीन का आधा हिस्सा काट चुके थे। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और रूट के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।

