Patna News:- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश के युवाओं को बड़ा तोहफा देते हुए रोजगार के क्षेत्र में एक नया संकल्प लिया है। विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने घोषणा की है कि अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए बताया कि 2020 में सात निश्चय-2 योजना के तहत किए गए वादे के अनुसार उनकी सरकार अब तक 50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य पूरा कर चुकी है। अब सरकार ने इस लक्ष्य को दोगुना कर 1 करोड़ तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।
युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार ने उद्योगों पर विशेष फोकस करने का ऐलान किया है। नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को सरकार हर संभव सुविधा मुहैया कराएगी। इसके तहत उन्हें विशेष आर्थिक पैकेज दिया जाएगा। इसमें कैपिटल सब्सिडी, ब्याज सब्सिडी और जीएसटी प्रोत्साहन राशि को दोगुना कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही उद्योगों के लिए जमीन की बड़ी व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जो उद्योग सबसे ज्यादा रोजगार देंगे, उन्हें मुफ्त में जमीन दी जाएगी। इसके अलावा उद्योग स्थापना से जुड़ी जमीन संबंधी विवादों को समाप्त करने की दिशा में सरकार तेजी से काम करेगी।
नीतीश कुमार ने कहा कि अगले छह महीने के भीतर उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को यह सभी सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। इससे न केवल रोजगार के नए अवसर खुलेंगे बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस संबंध में विस्तृत अधिसूचना जारी की जाएगी, ताकि उद्यमियों और युवाओं दोनों को स्पष्ट लाभ मिल सके।
बिहार सरकार का यह कदम राज्य के लाखों बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी उम्मीद लेकर आया है।

