रोजगार, महंगाई और महिला सुरक्षा पर बिहार सरकार को घेरा प्रियंका ने
महागठबंधन को वोट देने की अपील, प्रियंका बोलीं – अब बदलाव जरूरी है
Patna/Begusarai News: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस की महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को बेगूसराय में जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “केरल से लेकर कश्मीर तक, बिहार के लोग पलायन कर रहे हैं,” क्योंकि यहां रोजगार और अवसर की भारी कमी है। खेती-किसानी से अब कोई लाभ नहीं हो रहा, जबकि सरकार ने बड़े उद्योग अपने “दोस्तों” को सौंप दिए हैं।
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि निजीकरण की नीति के कारण युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही और ठेकेदारी प्रथा ने रोजगार के अवसर खत्म कर दिए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार 20 सालों से सत्ता में है, तो अब तक रोजगार क्यों नहीं दिया गया? सिर्फ चुनाव आते ही झूठे वादे किए जाते हैं, लेकिन जनता के जीवन में कोई बदलाव नहीं हुआ।
महंगाई पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले कहा गया था कि महंगाई कम करेंगे, लेकिन स्थिति पहले से बदतर है। छोटे दुकानदार, व्यापारी और किसान सभी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि आज बिहार के युवा अपने राज्य में सम्मानजनक काम नहीं पा रहे, उन्हें दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है।
कांग्रेस महासचिव ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं में जितनी मेहनत और समझ है, उतनी किसी में नहीं। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि महिलाएं अपने अधिकारों के लिए खड़ी हों और ऐसी सरकार लाएं जो उन्हें आत्मनिर्भर बनाए। महागठबंधन ऐसी नीतियां लाना चाहता है जो हर महिला को सशक्त बनाए और युवाओं को रोजगार दिलाए।
प्रियंका गांधी ने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां जनता से किए वादे पूरे किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार में भी महागठबंधन की सरकार बनने पर शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए जाएंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि अब बदलाव का समय है—अपने लिए, अपनी संतानों के भविष्य के लिए।

