East Champaran News:- कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान से आयोजित हर घर अधिकार यात्रा के दौरान बड़ा चुनावी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यदि बिहार में कांग्रेसनीत सरकार बनती है, तो राज्य की महिलाओं को हर माह 2500 रुपये पेंशन दिया जाएगा। इसके साथ ही पिछड़ा वर्ग को ठेकेदारी में 50 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा भी किया।
प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार और बिहार की डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि “आज देश की जमीन औने-पौने दाम पर बेची जा रही है। अडानी-अंबानी जैसे उद्योगपतियों के लिए सरकार काम कर रही है और आम जनता के अधिकारों की चोरी की जा रही है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार वोट चोरी कर सत्ता में आई है। “बिहार में चुनाव से पहले महिलाओं को दस हजार रुपये देने का वादा किया जा रहा है। ये सरकार बीस साल से सत्ता में है, लेकिन पहले क्यों नहीं किया? अब लोगों के वोट खरीदने की कोशिश हो रही है,” प्रियंका ने सवाल किया।
प्रियंका गांधी ने भाई राहुल गांधी को “सच्चा देशभक्त” बताते हुए कहा कि वे सत्ता की नहीं, बल्कि संविधान और लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार की शिक्षा और रोजगार नीतियों पर भी सवाल उठाया। कहा कि उत्तर प्रदेश में छात्रों को समय पर डिग्री नहीं मिल रही, और डिग्री मिलने के बाद भी नौकरी नहीं दी जा रही है।
कांग्रेसनीत सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को प्राथमिकता दी है। “हमारी सरकार बनी तो बिहार में अंग्रेजी बेस्ड सरकारी स्कूल खोले जाएंगे, युवाओं को रोजगार की व्यवस्था की जाएगी और चीनी मिलों व फैक्ट्रियों को दोबारा शुरू किया जाएगा, ताकि पलायन रुक सके।”
सभा के अंत में प्रियंका गांधी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “इस बार झांसे में नहीं आना है। अगर आप संगठित होकर वोट देंगी, तो आने वाला समय आपके लिए बेहतर होगा।”
