Dhanbad News:- धनबाद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। उत्तर प्रदेश पुलिस की तर्ज पर अब धनबाद पुलिस भी अपराध पर नकेल कसने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। मंगलवार की अहले सुबह तेतुलमारी थाना क्षेत्र के तिलाताड़ जंगल स्थित वाटर प्लांट के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली से कुख्यात अपराधी भानु मांझी घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी वाटर प्लांट के पास अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही तेतुलमारी थाना की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अपराधी भानु मांझी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें भानु मांझी के पैर में गोली लग गई। मौके से एक बाइक और हथियार बरामद किए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार, डीएसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि घायल अपराधी भानु मांझी कुख्यात भगोड़े प्रिंस खान का करीबी गुर्गा है, जो उसके इशारे पर इलाके में भय फैलाने और रंगदारी वसूलने का काम करता था।
भानु मांझी पर धनबाद के अलावा जमशेदपुर और बोकारो में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुछ दिन पहले राजगंज पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस अब इस मुठभेड़ के बाद भानु मांझी के अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।
धनबाद पुलिस का यह ताजा एक्शन शहर में अपराधियों के लिए सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि कानून के खिलाफ जाने वालों को अब किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

